तेलंगाना  में कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास तेज : केसीआर

हैदराबाद, 7 अक्तूबर- मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने कहा कि  तेलंगाना विकास पथ पर आगे बढ़ कर देश में शांति बनाए रखने के लिए एक आदर्श है। इस में पुलिस की सराहनीय भागीदारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक क्षेत्र में सतत कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए सजग रहें। मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों में दलितों पर हमलों की घटनाओं को दुःखद बताते हए तेलंगाना पुलिस को सतर्क रहने के आदेश दिये। उन्होंने उम्मीद जतायी है कि तेलंगाना ऐसी घटनाओं से मुक्त रहेगा। कमजोरों पर अत्याचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केसीआर ने आज प्रगति भवन में पुलिस विभाग और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में विभागीय गतिविधियों एवं वर्तमान परिस्थितियों की विस्तृत समीक्षा की। देश में दलितों पर हो रहे हमलों की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को समाज के निकट रहते हुए नागरिकों को सम्मान देकर मैत्रीपूर्ण पुलिसिंग की भावना पैदा करनी होगी। तेलंगाना सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्राथमिकता के साथ काम कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस को और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। बैठक में गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली, वन मंत्री इंद्रकरण रेड्डी, मुख्य सचिव सोमेश कुमार, डीजीपी महेंद्र रेड्डी, सरकारी सलाहकार राजीव शर्मा, अनुराग शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव नरसिंह राव, सचिव स्मिता सबरवाल, ओएसडी प्रियंका , पीसीसीएफ शोभा एवं अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। केसीआर ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तेलंगाना सरकार महिला सुरक्षा पर हमेशा ज़ोर देती आयी है। पुलिस को इसके लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से विभाग में महिला कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस विभाग की महिला कर्मचारियों के कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि कार्यस्थलों पर महिलाओं के लिए अलग शौचालयों का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए।  उन्होंने डीजीपी महेंद्र रेड्डी को अन्य शाखाओं में रिक्तियों को देखने और प्रतीक्षा सूची में उम्मीदवारों के लिए नौकरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 



सीएम ने डीजीपी को हैदराबाद में दस लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस प्रणाली में आईटी को भूमिका बढ़ाने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में स्थापित किया जा रहा पुलिस कमाण्ड कंट्रोल देश में अपनी तरह की पहली परियोजना है। वन संसाधनों को लूटने बालों से अधिक सख्ती से निपटने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व के शासकों की लापरवाही के कारण लकड़ी की तस्करी बढ़ गई थी, लेकिन तेलंगाना सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। तस्करी पर नियंत्रण के लिए वन अधिकारियों के साथ सिविल पुलिस व्यवस्था को भी साथ चाहिए। वन अधिकारियों को पुलिस के साथ समन्वय करना होगा। उन्होंने पुलिस से जंगलों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और हरित हारम जैसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।  मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना के गठन के बाद पुलिस को ठोस उपलब्धियों में एक गुडंवा का खात्मा था, लेकिन हाल में कोरोना महामारी के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर गुड़वा बनाने की खबरें पुन: आ रही हैं, जिन पर तुरंत नकेल कसनी होगी। इसके लिए उन्होंने आबकारी विभाग एवं सिविल पुलिस के समन्वय में कड़े कदम उठाने पर जोर दिया। गांजे के उत्पादन, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इससे समाज पर दुष्प्रभाव पड़ता है। केसीआर ने कहा कि लोगों को धोखा देने वाले और जुए जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सतर्क रहने को आवश्यकता है। सीएम ने कहा कि पुलिस को फर्जी प्रमाण पत्र के मुद्दे पर अंकुश लगाने पर ध्यान देना चाहिए। इससे कड़ी मेहनत से डिग्री शासिल करने की संस्कृति पर प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह और व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कहा कि सेवा के अंतिम दिन पुलिस विभाग में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन का निपटारा किया जाए। सेवानिवृत्त के दिन उन्हें सम्मानित करने की परंपरा का निर्वाह किया जाना चाहिए। पुलिस विभाग में अनुकंपा नियुक्तियों में देरी अनुचित है। डयूटी पर मृत्यु होने के आद अनुकंपा नियुक्ति के लिए तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए