हैदराबाद 24 मई, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दल ने रविवार को उस्मानिया यूनिवर्सिटी की भूमि का निरीक्षण किया। उनका आरोप रहा कि डीडी कॉलोनी में उस्मानिया यूनिवर्सिटी की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। उन्होंने कहा कि भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने में भाजपा और टीआरएस के कुछ नेताओं का परोक्ष रूप से सहयोग रहा है। तेलंगाना कांग्रेस ने तेरास के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। अवैध रूप से कब्जा की गई भूमि को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने प्रदर्शन किया। इससे तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दल को प्रदर्शन करने से रोकने का प्रयास किया।
(ओयू के निकट डीडी कॉलोनी में टीपीसीसी अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी व अन्य)
कांग्रेस के नेताओं ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि भूमि पर अवैध कब्जे को रोकने में तेरास असफल हुई है। आपको बता दें कि तेलंगाना कांग्रेस राज्य में सरकारी की भूमि पर अवैध कब्जा हटाने और सिंचाई योजनाओं को पूरा करने में तेरास की असफलता के विरोध में आंदोलन छेड़ने जा रही है। इसी आंदोलन का ट्रायल कांग्रेस के नेताओं आज उस्मानिया यूनिवर्सिटी की भूमि से किया है। आज उन्होंने उस्मानिया यूनिवर्सिटी के क्षेत्र में मौजूद डीडी कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच कहा-सुनी हुई।